शिकोहाबाद। बहन के देवर से नजदीकी होने के बाद गर्भवती हुई छात्रा ने परिजन की डांट के बाद नहर में कूदकर जान देने का प्रयास किया। लोगों ने उसे बचा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छात्रा को थाने ले आई। पुलिस मेडिकल कराने की तैयारी में जुट गई है।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के एक गांव की कक्षा 9 की छात्रा ने शनिवार को नहर में कूदकर जान देने का प्रयास किया। नहर में कूदी छात्रा को देख आसपास के लोगों ने किसी तरह से उसे बाहर निकाल लिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस छात्रा को अपने साथ थाने ले गई। जहां पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि उसकी अपनी बहन के देवर से नजदीकी हो गई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके चलते वह एक-दूसरे से मिलने लगे थे। कुछ समय बाद छात्रा गर्भवती हो गई।
इस बात की भनक छात्रा के परिजन को हो गई। इसके चलते उन्होंने छात्रा को डांट-फटकार दिया। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने नहर में कूदकर जान देने का प्रयास किया। पुलिस ने छात्रा के परिजन को थाने बुलाया। शनिवार शाम चार बजे के करीब छात्रा की मां थाने पहुंची और छात्रा के मंदबुद्धि होने की बात कही। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा का मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद उसे उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।