फिरोजाबाद। जिला पंचायत सदस्य पद के 33 वार्डों का चुनाव परिणाम मतगणना के 65 घंटे बाद स्थिति स्पष्ट हो सकी। मतगणना केंद्रों पर भले ही सोमवार देररात मतगणना समाप्त हो गई लेकिन मतगणना समाप्ति के बाद 25 घंटे बाद भी निर्वाचन अधिकारी 33 वार्डों में विजयी प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट कर सके।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना सभी छह केंद्रों पर सोमवार रात 12 बजे समाप्त हो गई। हालांकि जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव के परिणाम की घोषणा निर्वाचन अधिकारी मंगलवार रात तकरीबन साढ़े सात बजे हो सकी। जिले में सपा जिला पंचायत सदस्य के 11 पदों को जीतकर पहले स्थान पर और बसपा पांच पदों पर काबिज होकर द्वितीय स्थान रहीं। वहीं भाजपा ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं 14 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
एडीएम ने दी एआरओ के खिलाफ एफआईआर की चेतावनी
फिरोजाबाद। सदर ब्लॉक के वार्ड संख्या 24 में गणना शीट गायब होने की शिकायत पर एडीएम ने फिरोजाबाद ब्लॉक के आरओ के साथ एआरओ एवं एडीओ पंचायत को तलब किया। आरओ एक्सईएन पीडब्ल्यूडी अजय कुमार राठौर और एडीओ पंचायत पहुंच गए लेकिन एआरओ नहीं पहुंचे।
एआरओ का मोबाइल फोन भी बंद था। एआरओ को रवैया देखकर एडीएम ने डीपीओ को फोन किया। एडीएम ने सख्त लहजे में कहा कि आपके यहां के सीडीपीओ एआरओ हैं। उनका फोन बंद है। उनके खिलाफ एफआईआर होने जा रही है। इतना ही नहीं एडीएम ने इसके बाद आरओ को गणना शीट लाने की हिदायत दी।
मुख्यालय पर सुबह से शाम तक डेरा डाले रहे प्रत्याशी
फिरोजाबाद। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 24 के प्रत्याशी गौरव राजपूत, सपा समर्थित राम प्रताप सिंह, वार्ड संख्या 28 के प्रत्याशी दुर्वेश कुमार, कैलाशचंद्र सहित अन्य प्रत्याशी सुबह से लेकर शाम तक जिला मुख्यालय के बाहर डेरा डाले रहे। इसका कारण उनके वार्ड से किसी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र जारी नहीं होना था।
उन्हें कुछ बदलाव होने की उम्मीद थी। प्रत्याशी ही नहीं उनके कुछ समर्थक भी मौजूद रहे। हाथवंत ब्लॉक की लालई पंचायत से बीडीसी सदस्य पद के प्रत्याशी इंद्रपाल भी जबरन हराने की शिकायत लेकर अपनी पत्नी रीना देवी के साथ पहुंचे।
जिला पंचायत सदस्य पद ये प्रत्याशी हुए विजयी
वार्ड प्रत्याशी पार्टी
1. देवेंद्र सिंह सपा
2. सीमा यादव भाजपा
3. अर्चना यादव सपा
4. मनोज यादव सपा
5. प्रो. राकेश यादव निर्दलीय
6. राजीव कुमार लोधी निर्दलीय
7. दिनेश सिंह सपा
8. सुशील निर्दलीय
9. प्रशांत यादव सपा
10. प्रदीप कुमार निर्दलीय
11. रिंकी सपा
12. अरुण कुमार सपा
13. उर्मिला देवी बसपा
14. प्रवेश कुमारी बसपा
15. हर्षिता सिंह भाजपा
16. राधेश्याम दिवाकर निर्दलीय
17. राखी देवी सपा
18. सीमा देवी निर्दलीय
19. देवकी बसपा
20. ललित नारायण सपा
21. पूजा देवी निर्दलीय
22. पप्पी बसपा
23. अशोक कुमार यादव निर्दलीय
24. भीमसेन कुशवाहा बसपा
25. नीलम निर्दलीय
26. कविता देवी निर्दलीय
27.डा.प्रवीन यादव निर्दलीय
28. डा.हरीश धनगर भाजपा
29. विजय प्रताप उर्फ छोटू निर्दलीय
30. रामसखी यादव निर्दलीय
31. रुचि यादव सपा
32. सुनीता देवी निर्दलीय
33.शचि चौहान सपा
-------------------------------------------
-ब्लॉकों से गणना चार्ट समय से नहीं आने तथा सर्वर के डाउन होने के कारण जिला पंचायत सदस्य के परिणाम फाइनल होने एवं प्रमाणपत्र जारी होने में मंगलवार की शाम तक काम आरओ एवं एआरओ को करना पड़ा है। वार्ड संख्या 24 से शिकायत मिली है। उसकी जांच कराके कार्रवाई की जा रही है।
आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव
एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन
अधिकारी फिरोजाबाद।