फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी 18 अक्तूबर को पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, कृषि कानूनों के विरोध में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेगी। जिले की पांचों विधानसभाओं से काफी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। पूर्व सांसद अक्षय यादव के नेतृत्व में होने वाले धरना प्रदर्शन के दौरान कोविड-19 एवं अनुशासन का पालन किया जाएगा। प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए जिला प्रशासन के यहां आवेदन कर दिया है।
सपा जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल, एमएलसी डॉ. दिलीप यादव, पूर्व एमएलसी डॉ. असीम यादव ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि भाजपा शासन में तीनों कृषि कानून किसान विरोधी है। पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ी महंगाई के कारण हर वस्तु महंगी हो गई। महिलाओं की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई तो बिजली महंगी होने से आमजन परेशान है। गन्ना किसानों को भुगतान नहीं मिला। जिले में डीएपी की किल्लत से किसान जूझ रहे हैं। जनता से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर प्रदर्शन होगा। इस दौरान पूर्व विधायक टूंडला राकेश बाबू एडवोकेट, पूर्व विधायक अजीम भाई, ब्लॉक प्रमुख हाथवंत सुरेशचंद्र यादव, नीरज यादव मौजूद रहे।