सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि देश में पहले से ही एस्मा लगा है, बल्कि उससे भी बड़ी इमरजेंसी लागू है। सोशल मीडिया पर एक भी मंत्री या मुख्यमंत्री के खिलाफ एक भी शब्द बोल दिया तो तुरंत मुकदमा कायम हो जाएगा।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव शनिवार को शिकोहाबाद स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में अपने एक परिचित के यहां आए। उन्होंने यहां मीडिया के समक्ष भाजपा सरकार पर तीखे जुबानी हमले किए।
विज्ञापन
प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के एसआईआर के समय बढ़ाए जाने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर का जो समय बढ़ाया गया है, इसमें आशंका इस बात की है कि अधिकारियों पर मंत्री लोग दबाव डालकर कुछ फर्जीवाड़ा करवाना चाहते हैं। उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ मीटिंग करते हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा ने सबूतों के साथ चुनाव आयोग से शिकायत की।
उन्होंने चेतावनी दी कि सपा के कार्यकर्ता हर बूथ पर तैयार हैं और कोई गड़बड़ी नहीं होने देंगे। इंडिगो एयरलाइंस के हालिया संकट पर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे एक गहरी साजिश बताया। आरोप लगाया कि जो सिविल एविएशन मिनिस्ट्री का आदेश आया कि पायलट को सप्ताह में रेस्ट देंगे... ये सोचना चाहिए कि ये सब हुआ कैसे? मंशा ये है कि एक अन्य एयरलाइंस को फायदा पहुंचाया जाए। एक बड़ी एयरलाइंस है जिसको टाटा ने खरीद लिया है, वो टाटा से अडानी पर पहुंच जाएगी। मंशा ये है कि एक विशेष कंपनी को फायदा पहुंचाया जाए।
विज्ञापन
प्रदेश में सरकार द्वारा एस्मा लगाए जाने के सवाल पर रामगोपाल यादव ने कहा कि देश में पहले से ही एस्मा लगा है, बल्कि उससे भी बड़ी इमरजेंसी लागू है। सोशल मीडिया पर कोई किसी के खिलाफ गाली देता रहे, कुछ नहीं होगा। पर एक भी मंत्री या मुख्यमंत्री के खिलाफ एक भी शब्द बोल दिया तो तुरंत मुकदमा कायम हो जाएगा। कफ सिरप मामले पर उन्होंने साफ कहा कि असली आरोपी पर कार्रवाई हो ही नहीं सकती।