संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जनपद पुलिस के लिए मंगलवार का दिन उपलब्धियों भरा रहा। उत्तर प्रदेश पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत आदर्श थाना दक्षिण के नए चार मंजिला भवन का डीजीपी राजीव कृष्ण ने लखनऊ से वर्चुअली लोकार्पण किया।
इसके साथ ही एडीजी आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय और एसएसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित यातायात कार्यालय एवं परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया।
हाईटेक सुविधाओं से लैस हुआ थाना दक्षिण शहर विधायक मनीष असीजा के प्रयासों से निर्मित यह नया थाना अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।
भवन के भूतल पर साइबर डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र बनाया गया है। पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए इसमें जिम (व्यायामशाला), क्रेच रूम (शिशु सदन) और आधुनिक बैरक की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद इसे बेहतर पुलिसिंग की दिशा में मील का पत्थर बताया।
परिवार परामर्श केंद्र और जीरो फैटेलिटी अभियान एडीजी ने परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य घरेलू विवादों और तनाव को काउंसलिंग के जरिए सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है।
इसके बाद, जिले को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए ‘’जीरो फैटेलिटी’’ अभियान शुरू किया गया। इसके तहत 8 संवेदनशील थानों में 12 क्रिटिकल कॉरिडोर टीमें तैनात की गई हैं, जो टूंडला, शिकोहाबाद और सिरसागंज जैसे क्षेत्रों में हादसों पर लगाम लगाएंगी।