फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के बढ़ईपुरा की ठार में हुई वृद्ध सुघर सिंह (80) की हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि हत्यारे ने सुघर सिंह की मौत सुनिश्चित करने के लिए उन पर एक नहीं बल्कि चार बार भारी वस्तु से प्रहार किया। इधर, घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी और मृतक का छोटा बेटा जर्मन सिंह पुलिस की पकड़ से दूर है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, सुघर सिंह पर रविवार रात करीब 2 बजे से तड़के 4 बजे के बीच उस वक्त हमला किया गया जब वह गहरी नींद में थे। हत्यारे ने उनके सिर के बाईं ओर इतनी ताकत से वार किए कि सिर की हड्डी चार जगहों से टूट गई और उनकी आंखें तक बाहर निकल आईं। इस हमले ने मौके पर ही उनकी जान ले ली। पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियों से कई ऐसे साक्ष्य मिले हैं जो सीधे तौर पर छोटे बेटे जर्मन सिंह की ओर इशारा कर रहे हैं।