सर्विस रोड स्थित स्टेट बैंक मुख्य शाखा के बाहर बिना सामाजिक दूरी के लगी ग्राहकों की भीड़
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में हर रोज इजाफा हो रहा है। बीमारी की रोकथाम के लिए शासन प्रशासन लगातार प्रयास करने के साथ ही लोगों से बचाव कर सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए प्रचार प्रसार कर रहे हैं। लेकिन सुहागनगरी में बैंकों के बाहर कोरोना से जंग के लिए बनाए गए नियम तोड़े जा रहे हैं।
रुपए निकालने बैंक पहुंचे रहे उपभोक्ताओं को सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए बैंक अधिकारी कोई प्रयास नहीं कर रहे। बैंकों के बाहर उपभोक्ताओं को खड़े होने के लिए गोले तक नहीं बनाए गए। बैंक के अंदर प्रवेश करने के लिए जहां उपभोक्ता कोरोना से बचाव हेतु निमयों को तोड़ रहे हैं। वहीं टोकन लेने के लिए एक दूसरे के साथ धक्का मुक्की भी कर रहे है। जिससे बीमारी के फैलने का खतरा और बना हुआ है। इस तरह का नजारा सोमवार को सर्विस रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्यशाखा के साथ पंजाब नेशनल बैंक के साथ सैंट्रल बैंक और सदर बाजार स्थित टेलीफोन वाली गली स्थित स्टेट बैंक की शाखा में देखने को मिला।
इन बैंकों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी थी। महिलाओं की गोद में बच्चे भी थे। रुपए निकालने के लिए बैंक कर्मचारियों द्वारा टोकन का वितरण किया जा रहा था। टोकन लेने के लिए महिलाएं और पुरुष एक दूसरे को धक्का मुक्की करते हुए नजर आए। जिससे बीमारी का और फैलने का खतरा बना हुआ था। गेट पर भीड़ एकत्रित होने के बाद भी बैंक के अंदर पांच पांच व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जा रहा था। ऐसे में महिलाएं पुरुष और बच्चे धूप में खड़े परेशान दिखाई दे रहे थे।
बैंक कांउटर पर लगी भीड़
सर्विस रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में खाते की केबाईसी कराने के लिए कांउटर पर भीड़ लगी हुई थी। एक तरफ महिलाएं लाइन लगाए खड़ी थी जबकि दूूसरी तरफ पुरुष लाइन लगाए हुए थे। इस बीच सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा था। कई लोगों के चेहरे पर मास्क तक नही थे। शासन ने कोरोना वायरस से बचाव हेतु मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है फिर भी न तो लोग जागरुक दिखाई दिए और न ही बैंक कर्मचारी और अधिकारी लोगों को जागरुक करते मिले।