फिरोजाबाद के शिकोहाबाद के नसीरपुर के जंगलों में लकड़ी के अवैध कटान की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम पर तस्करों के समूह ने जानलेवा हमला कर दिया। उनकी दो रायफल एवं एक मोबाइल फोन छीन लिया। पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई।
विज्ञापन
अचानक हुए हमले से टीम के भी होश उड़ गए। हमले में वन विभाग की टीम के दरोगा एवं चालक समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत गांव हरिहा के जंगलों में मंगलवार को लकड़ी का अवैध रूप से कटान किया जा रहा था। बड़ी संख्या में तस्कर जंगलों में मौजूद थे। जहां लगभग 20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कटी हुई लकड़ियों को लेकर तस्करी के लिए ले जा रही थीं। जंगल में अवैध कटान होने की सूचना मुखबिर ने वन क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद श्यामू सिंह को दी।
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी समेत वन विभाग के 10 पुलिसकर्मियों की टीम नसीरपुर के जंगलों के लिए रवाना हो गई। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि टीम जब जंगलों में पहुंची, तो वहां लकड़ी तस्कर लकड़ियों का कटान कर रहे थे।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जब हमने तस्करों को रोकने के लिए हवाई फायर किया, तो अचानक ही जंगल में पहले से छिपे बैठे लगभग 100 लोग एकत्रित हो गए। जिन्होंने वन विभाग की टीम पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी, ईंट-पत्थर आदि से हमला कर दिया।
लोगों का एक बड़ा समूह एकत्रित होकर जानलेवा हमला करने लगा। टीम पर अचानक हुए हमले से वन विभाग की टीम के भी होश उड़ गए। हमले में वन दरोगा प्रताप सिंह, फॉरेस्ट रेंजर श्यामू सिंह, वन रक्षक विजय कुमार एवं कैटल गार्ड जगवीर सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया। इसमें प्रताप सिंह के सिर और हांथ में गंभीर चोटें आई हैं।
तस्करों ने टीम पर हमला करके दो रायफल एवं विजय कुमार का मोबाइल छीन लिया। घटना की सूचना पर पुलिस के पहुंचते ही हमलावर भाग खड़े हुए। वन विभाग की टीम को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।
फिरोजाबाद के जिला वन अधिकारी विकास नायक ने बताया कि नसीरपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव हरिहा के जंगलों में लकड़ी कटान की सूचना पर पहुंची टीम पर तस्करों ने जानलेवा हमला किया है। तस्करों को टीम ने चिन्हित कर लिया है। जल्द ही तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।