टूंडला। सर्किल के थाना टूंडला व नगला सिंघी क्षेत्रों में मारपीट की हुई अलग-अलग घटनाओं में महिला सहित छह लोग घायल हो गए। पीड़ितों ने संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना नगला सिंघी के गांव रसूलाबाद निवासी विनोद कुमार गांव के ही ठेकेदार अजब सिंह के साथ मजदूरी करता है। सोमवार की शाम वह अजब सिंह से मजदूरी के रुपये मांगने गया तो अजब सिह, शंकर, विजय सिंह व मेघनाथ ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। विनोद ने चारों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी घटना सोमवार रात आठ बजे गांव टीकरी में घटी। जहां संपत्ति के बंटवारे को लेकर राकेश कुमार से परिवार के ही राजेश, सोनू, आदित्य व कुमकुम ने मारपीट कर दी। बचाने आई पत्नी शारदा देवी व पुत्रवधु नीलम के साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया।
तीसरी घटना थाना टूंडला के गांव अलीनगर कैंजरा में हुई। गांव की सावित्री देवी ने रविवार रात्रि साढ़े दस बजे करीब घर पर बैठी हुई थी। इसी बीच वहां गांव के ही देवेश, रग्घा, हरिश्चंद्र, राजू, जयचंद्र व भोला जबरन घर में घुस आए। आते ही उन्होंने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने उसके साथ मारपीट कर दी। बचाने आए पुत्र भुवनेश को भी मार पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता सावित्री ने आरोपियों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।