फिरोजाबाद। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने शनिवार को विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान 6 कर्मचारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को जैसे ही कार्यालय खुले, सीडीओ शत्रोहन वैश्य विकास भवन प्रांगण पहुंचे और विभिन्न विभागों के हाजिरी रजिस्टर तलब कर लिए। उन्होंने पंचायतीराज विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, सहकारिता, सांख्यिकी और समाज कल्याण विभाग सहित अन्य कार्यालयों में कर्मचारियों की मौजूदगी का भौतिक सत्यापन किया।
सीडीओ ने बताया कि लगातार दो दिन की छुट्टी और अगले दिन रविवार होने के कारण कर्मचारियों की उपस्थिति कम होने की आशंका थी, इसलिए यह जांच की गई। निरीक्षण में अधिकांश स्टाफ तो मौजूद मिला, लेकिन करीब छह कर्मचारी ड्यूटी से नदारद थे। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और समय की पाबंदी का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।