फिरोजाबाद। बृहस्पतिवार की अलसुबह लाइनपार क्षेत्र के गांव रुपसपुर के समीप मालगाड़ी की चपेट में आने से छह गोवंश की मौत हो गई। ग्रामीण रेलवे लाइन के पास से गुजरे तब उन्हें हादसे की जानकारी हो सकी। रेलवे के अधिकारियों व आरपीएफ प्रभारी को सूचना देने के साथ ही गोवंशों को दफना दिया गया।
लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव रुपसपुर के समीप से माल कॉरीडोर रेलवे लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार सुबह यहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से करीब छह गोवंश की मौत हो गई। ग्रामीण रेलवे लाइन किनारे पहुंचे तो गोवंश के शवों को ट्रेक के पास पड़ा देखा। आलमपुर निवासी राजमणी यादव ने इसकी सूचना आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा को दी। ट्रेन की चपेट में आने से गोवंश की मौत की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक ग्रामीणों ने मरे हुए गोवंशों को गड्ढा करके रेलवे लाइन से दूर दफना दिया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से गोवंशों की मौत हुई है, जिनको ग्रामीणों द्वारा दफना दिया गया है। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक बाधित नहीं हुआ।