एटा। घर से एक साथ निकली देवरानी और जेठानी को क्या पता था कि बुधवार उनकी जिंदगी का अंतिम दिन होगा। शौच कर लौटते समय रोडवेज बस की चपेट में आने से घर से मात्र 200 मीटर दूर दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया।
अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव कैल्ठा निवासी सरमन सिंह ने बताया कि प्रतिदिन की तरह बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे पत्नी कमला देवी (45) व भाभी मालती देवी (48) खेत की ओर शौच के लिए गई थीं। घर पर सब लोग अपने-अपने काम में लगे थे। शौच करने के बाद वापस लौटते समय दोनों घर से करीब 200 मीटर पीछे एटा-अलीगंज मार्ग पर पीछे से रोडवेज की चपेट में आ गईं। यह देखकर पीछे आ रही इनके ही परिवार की एक महिला ने घर पर जाकर दुर्घटना के बारे में जानकारी दी। हादसे की बात सुनते ही परिजन दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और बुरी तरह से घायल कमला और मालती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मालती को मृत घोषित कर दिया और कमला को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजन कमला को मेडिकल कालेज की इमरजेंसी लाए तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एक साथ देवरानी व जेठानी की मौत की खबर मिलते ही घर के अलावा गांव में मातम पसर गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सात साल पहले ही हो चुकी थी मालती के पति की मौत
मालती देवी के पति अजयपाल की सात वर्ष पूर्व सड़क हादसे में ही मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद मालती देवी ने ही बेटे कोविंद्र, नरेंद्र और बेटी विनीता का पालन-पोषण किया। कोविंद्र की कुछ समय पूर्व ही गंभीर बीमारी से मौत हो गई थी। अब एक पुत्र और पुत्री की जिम्मेदारी कौन निभाएगा।
मृतका कमला देवी का फाइल फोटो