एटा। एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन यात्रियों की बढ़ती संख्या और रेलवे को हो रही अच्छी आय के बावजूद फेरों की वृद्धि का इंतजार कर रही है। प्रतिदिन हजारों यात्री इस ट्रेन से सफर करते हैं। प्रारंभ से ही इसका एक ही फेरा हो रहा है। यात्रियों का कहना है कि बढ़ती मांग के अनुरूप सेवा का विस्तार नहीं होने से उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जून माह में एटा स्टेशन से इस ट्रेन के संचालन से रेलवे को करीब पांच लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन के कोच छह से बढ़ाकर 12 कर दिए, लेकिन अतिरिक्त फेरे शुरू नहीं किए गए। यही कारण है कि ट्रेन में कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है। आगरा में इलाज के लिए जाने वाले मरीज, सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी ट्रेन पर निर्भर रहते हैं। कम किराया और सुविधाजनक समय होने से यह ट्रेन इस रूट के लिए महत्वपूर्ण है। सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक क्लब के लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण इस ट्रेन के फेरों में वृद्धि नहीं हो पा रही है।
सांसद ने भेजा पत्र
फेरे बढ़ाने के संबंध में आगरा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने जून माह के तीसरे सप्ताह में उत्तर-मध्य रेलवे मुख्यालय को पत्र लिखा। इसमें लिखा कि एटा जिले की जनता की मांग है कि एटा-आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाएं, इसलिए संज्ञान लेते हुए इस पर विचार किया जाए।
यदि जनप्रतिनिधि गंभीरता से पहल करें तो एटा और आसपास के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। ट्रेन के फेरे बढ़ाने के साथ ही एटा से जयपुर के लिए भी संचालन किया जाना चाहिए। - जयवीर सिंह, सेंथरी
एटा-आगरा रेलखंड पर बढ़ती यात्रियों की संख्या, रेलवे को मिल रहे राजस्व और क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए कम से कम एक अतिरिक्त फेरा शुरू किया जाना चाहिए। इससे यात्रियों को सुविधा होगी। - अनुज चौहान, महाराणा प्रताप नगर
एटा-आगरा फोर्ट ट्रेन के फेरे बढ़ाने के लिए प्रस्ताव मिला है, जिसको आगे भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। किसी अतिरिक्त ट्रेन संचालन के विषय में कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। - शशिकांत त्रिपाठी, सीपीआरओ उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज
अनुज चौहान
अनुज चौहान