शिकोहाबाद। गृह क्लेश में सिरसागंज के चिकित्सा अधीक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के तहसील रोड पर पत्नी से विवाद के बाद पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों ने सीएचसी अधीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकोहाबाद में संस्कृत पाठशाला के सामने तहसील रोड के निवासी डॉ. कपिल यादव वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरसागंज में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बीते 18 अगस्त को किसी पारिवारिक बात को लेकर डॉ. कपिल का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। आरोप है कि इस विवाद की खबर मिलते ही पत्नी के मामा श्यामाधार अपने दोनों पुत्रों ईशू और नीशू के साथ डॉ. कपिल के घर पहुंच गए। चिकित्सक का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने घर में दाखिल होते ही उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया, तो पिता और दोनों पुत्रों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित चिकित्सा अधीक्षक ने शिकोहाबाद थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताई और तहरीर दी। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि चिकित्सक की तहरीर के आधार पर आरोपी श्यामाधार, ईशू और नीशू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।