सिरसागंज। पुलिस और फायर विभाग के कर्मचारियों ने अथक प्रयासों के बाद डीसीएम चालक कपिल का शव तीन दिन बाद सिरसा नदी से बरामद कर लिया। युवक का शव बरामद होते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
शिकोहाबाद निवासी कपिल शनिवार रात करीब दस बजे डीसीएम सहित सिरसा नदी में गिर गया था। शनिवार रात पुलिस ने डीसीएम को निकाल लिया, लेकिन कपिल का कोई सुराग नहीं लग सका। रविवार को भी उसकी सिरसा नदी में खोज की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह फायर विभाग की टीम के साथ पुलिस ने परिवारीजनों के साथ तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद शव बरामद हो गया। कपिल का शव बरामद होते ही पूर्व मंत्री जयवीर सिंह, सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव, रामसेवक यादव, भाजपा नेता अतुल सिंह आदि ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
दलदल से निकलने की कोशिश
दुर्घटना के बाद घायल कपिल ने दलदल के नीचे से निकलने का काफी प्रयास किया था तभी वह डीसीएम से दस फुट दूर तक दलदल के नीचे चला गया लेकिन ऊपर जमी घास की मोटी परत ने उसे ऊपर आने का मौका नही दिया।
शादी से पहले उठी अर्थी
कपिल की शादी तय हो चुकी थी और दीपावली बाद उसका विवाह होना था। लेकिन इससे पहले ही कपिल की हादसे में मौत हो गई।