फिरोजाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार एवं रविवार को भी मतदान केंद्र बनाए गए सभी स्कूल खुले रहेंगे। मतदान केंद्रों पर सुबह दस बजे से लेकर शाम को चार बजे तक सभी बीएलओ मौजूद रहकर दावे,आपत्तियों को लेने के साथ ही उनका निस्तारण करने का काम करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में जिन वोटरों की मैपिंग नहीं हो सकी उनको नोटिस थमाने के साथ ही नए वोटरों के फार्म छह को भरवाने का काम युद्ध स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसके लिए न सिर्फ बीएलओ बल्कि जिला स्तर के अधिकारी भी बूथों की ओर दौड़ लगा रहे हैं। आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत 17 एवं 18 जनवरी 2026 (शनिवार एवं रविवार) को सभी मतदान केंद्र वाले स्कूल खुले रहेंगे। इसमें बीएलओ मौजूद रहेंगे। इसके साथ-साथ 31 जनवरी के साथ ही साथ एक फरवरी को भी सभी मतदान केंद्र खुले रखने के साथ बीएलओ इन दिनों में भी मौजूद रहेंगे। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने जिले के मतदान केंद्र बने सभी स्कूल के संचालकों से कहा कि वह स्कूल को खोलने के साथ बीएलओ के बैठने के लिए फर्नीचर को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इसमें बीएलओ अथवा स्कूल संचालकों की ओर से यदि लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा वोटर फार्म संख्या छह,कोई मृत हो गया तो फार्म सात एवं किसी प्रकार का संशोधन कराने को फार्म संख्या आठ को भरकर जमा कराना होगा।