- रेलवे ट्रैक पर मक्खनपुर रेलवे स्टेशन के पास मिला शव, चार युवकों पर लगाया हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के मक्खनपुर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक 20 वर्षीय शटरिंग कारीगर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। एक तरफ जहां पुलिस इसे ट्रेन के आगे लेटकर की गई आत्महत्या बता रही है। वहीं, दूसरी तरफ परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर मारपीट के बाद ट्रैक पर फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना मटसैना क्षेत्र के गांव बरामई निवासी विक्रम सिंह उर्फ विक्की शटरिंग का काम करता था। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम को वह किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गया था। इसके बाद वह मक्खनपुर रेलवे स्टेशन के समीप डीएफसीसी लाइन पर खंभा संख्या 696/7-9 के नजदीक अप लाइन पर ट्रेन के सामने आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था और अविवाहित था। उसने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई आशीष ने गंभीर आरोप लगाया है कि एक युवती से बात करने के शक में गांव के ही चार युवकों ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी और उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां भी दी थीं। शाम के वक्त अकेला पाकर आरोपी उसे अपने साथ ले गए और रेलवे ट्रैक पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी, इसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है।
शुरुआती जांच में युवक द्वारा ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जयबिंद, सीओ शिकोहाबाद