संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसागंज। पर्युषण महापर्व का स्थानीय दिगंबर जैन मंदिरों में भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान प्रतिदिन पूजा अर्चना, अभिषेक, आरती तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पर्युषण महापर्व के समापन पर नगर में गाजेबाजे के साथ श्रीजी की रथयात्रा निकाली गयी। पर्युषण महापर्व के समापन पर पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर से राजस्थान के पाली से लाए गए नवनिर्मित स्वर्ण रजत रथ पर विराजित श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा से पूर्व पंडित संजय शास्त्री सिहोनिया द्वारा रथ का शुद्धिकरण व मंत्रोच्चारण के साथ मांगलिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।
पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर से गाजेबाजे और मनोहारी झाकियों के साथ आरंभ हुई शोभायात्रा मियाबाजार, जैन संत कुटीर, इटावा रोड होते हुए आयोजन स्थल जैन धर्मशाला पर पहुंची जहां मंत्रोचारण के साथ श्रीजी का अभिषेक किया गया। यात्रा के मुख्य अतिथि पर्यटन व सांस्कृतिक मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह, अतुल प्रताप, समाजसेवी डॉ. गुरूदत्त सिंह, पालिकाध्यक्ष रंजना सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष सरोज शर्मा, सीताराम शर्मा शामिल रहे।
शोभायात्रा में आध्यात्मिक संदेशों वाली कई झांकियां प्रदर्शित हुईं। महोत्सव में राजीव जैन, सचिन जैन, गौरव रावत, अमित, अंकुश जैन, राहुल रावत, विकास रपरिया, मयंक, अमित पोद्दार, सोनल जैन मौजूद रही।