फिरोजाबाद। केंद्रीय महिला मंत्री स्मृति ईरानी पर फेसबुक के जरिए अभद्र व अश्लील टिप्पणी करने के आरोपी प्राध्यापक पर कॉलेज अनुशासन कमेटी की जांच फिलहाल अधर में लटकी है। घटना के बाद से लगातार छुट्टी पर चल रहे डॉ. शहरयार अली कॉलेज प्रबंधन की ओर से नामित जांच कमेटी के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहे हैं न ही उन्होंने अपना लिखित स्पष्टीकरण कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया है।
विगत छह मार्च को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक फेसबुक पोस्ट पर एसआरके डिग्री कॉलेज में इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. शहरयार अली ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के विरुद्ध अशोभनीय व अश्लील टिप्पणी की थी। इस मामले में थाना रामगढ़ पुलिस ने आरोपी प्राध्यापक शहरयार अली के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था।
सामाजिक संगठन ने आरोपी का पुतला दहन व धरना प्रदर्शन किया था। उसके बाद बैकफुट पर आई कॉलेज प्रबंध समिति ने डॉ. शहरयार अली को निलंबित करने के साथ ही प्राचार्य डॉ. प्रभाष्कर रॉय की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। 22 मार्च को गठित जांच कमेटी को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा गया था।
लेकिन उक्त जांच अभी भी अधर में लटकी है। जानकारी के अनुसार आरोपी प्राध्यापक डॉ शहरयार अली जांच कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखने को उपस्थिति नहीं हो रहे हैं। जबकि कमेटी की ओर से तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं कॉलेज में वह लगातार आठ मार्च से छुट्टी पर चल रहे हैं।
पुलिस आईटी सेल ने भी नहीं दी रिपोर्ट
प्राध्यापक डॉ. शहरयार अली जांच कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखने को उपस्थित नहीं हो रहे। उनकों अलग-अलग तिथियों में तीन नोटिस जारी किए हैं। वहीं पुलिस विभाग के आईटी सेल से भी प्राध्यापक द्वारा की गई पोस्ट के बारे में जानकारी मांगी गई थी। आईटी सेल रिपोर्ट अभी तक जांच कमेटी को प्राप्त नहीं हो सकी है।
डॉ प्रभाष्कर रॉय प्राचार्य एसआरके कॉलेज एवं अध्यक्ष जांच कमेटी