फिरोजाबाद। बेटियों के हित में संचालित शादी अनुदान योजना के 345 आवेदन लंबित पड़े हैं। आवेदन पत्रों के सत्यापन व विभागीय साइट पर फॉरवर्ड करने में जिले की सभी तहसीलों और ब्लॉक स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। इससे योजना की प्रगति जिले में शून्य है। सीडीओ नेहा जैन ने इस पर नाराजगी जताई है।
प्रदेश सरकार द्वारा गरीब व असहाय अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग की बेटियों की शादी के लिए एकमुश्त 20 हजार रुपये अनुदान दिया जाता है। चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में इस योजना की प्रगति जिले में शून्य है। इसका कारण जिले की पांचों तहसीलों में योजना से संबंधित करीब 72 और ब्लॉक स्तर पर 273 आवेदन लंबित हैं। इन आवेदनों का सत्यापन व इसके बाद विभागीय साइट पर फॉरवर्ड नहीं किया गया। समीक्षा बैठक में सीडीओ नेहा जैन के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने इस पर आपत्ति व नाराजगी जताई है। सीडीओ के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञाशंकर ने 23 सितंबर को पांचों तहसीलों व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को पत्र जारी किए हैं। सभी से योजना के लंबित आवेदन तत्काल सत्यापित कर विभागीय साइट पर फॉरवर्ड करने को कहा है।
तहसीलों में लंबित आवेदन
फिरोजाबाद 52
जसराना 11
शिकोहाबाद 6
टूंडला 3
ब्लाक में लंबित आवेदन
फिरोजाबाद 29
एका 22
जसराना 10
खैरगढ़ 21
अरांव 15
नारखी 28
टूंडला 51
मदनपुर 38
शिकोहाबाद 59