जिले के सात ब्लाकों में दो बीडीसी सदस्यों के साथ ग्राम पंचायत सदस्यों पद के लिए मतदान आज होगा। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी ने समूचे मतदान केंद्रों को छह जोन एवं 16 सेक्टरों में बांटकर अफसरों को तैनात किया है। मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ होकर शाम को पांच बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव नहीं होने के कारण जिले की काफी पंचायतों का गठन नहीं हो सका था। आयोग ने रिक्त 2563 ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव कराने का फैसला किया था। इसमें अधिकांश पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया लेकिन करीब पांच दर्जन से अधिक ग्राम पंचायत सदस्यों के मतदान के लिए पोलिंग टीमें विकास भवन के प्रांगण से रवाना की गई। प्रभारी अधिकारी कार्मिक एवं सीडीओ सुजीत कुमार एवं सहायक कार्मिक प्रभारी श्री किशन शर्मा एवं नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह के निर्देशन में पोलिंग टीमों को रवाना किया गया। 62 पोलिंग टीमों के अलावा सभी सात ब्लाकों में रिजर्व दो-दो पोलिंग टीमों को भेजा गया है। टूंडला औश्र शिकोहाबाद ब्लाक को छोड़कर शेष सात ब्लाकों को छह जोन एवं 16 सेक्टरों में बांटते हुए अफसरों को तैनात किया गया है। एसडीएम और सीओ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट का काम संभालेंगे। सुरक्षा के लिहाज से गांवों में पुलिस बल को तैनात किया गया है। बिना परिचय पत्र अथवा आयोग की ओर से तय विकल्पों से मतदान किया जा सकेगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र शर्मा ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ होकर शाम को पांच बजे तक चलेगा। मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर दी गई हैं।
बारिश डाल सकती है विघ्न
रविवार को जिले में ग्राम पंचायत सदस्य एवं बीडीसी सदस्यों के होने वाले मतदान में बदला मौसम बाधा डाल सकता है। बारिश होने के कारण मतदान करने वालों की संख्या कम हो सकती है। हालांकि कर्मचारी भी बदले मौसम को ध्यान में रखते हुए ही व्यवस्थाएं कर बूथों को रवाना हुए।
मतगणना कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
सीडीओ सुजीत कुमार की अध्यक्षता में 23 फरवरी को होने वाली मतगणना के लिए कार्मिकों को विकास भवन प्रांगण में प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ ने मतगणना के दौरान किस तरह से काम करना होगा? इसे विस्तार से समझाया। सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा ने कहा कि मतगणना के लिए 14 टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन टीमों को सीधे ब्लाकों पर ही उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
सात ब्लाकों के इन गांवों में मतदान
फीरोजाबाद में क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड 64 आनंदीपुर करकौली और 28 जलोपुरा। ग्राम पंचायत सदस्यों के आलमपुर जारखी, उलाऊखेड़ा, लालऊ, मोहम्मदपुर बिहारीपुर, जलोपुरा। हाथवंत में कनवारा, भकार, अहमदपुर मढ़ा,रीवा, ओड़मपुर, दारापुर रसैनी, शेखनपुर, फरिहा देहात, रखावली, बली पुर तपस्या, बरथरा, किरावली, हुसैनपुर जगे, घुनपई, बबाइन, नया बांस, भामई। नारखी में जामपुर, असन एवं डोरसा मोहम्मदपुर, मदनपुर में मई गदोखर, रुरिया स्वरूपपुर, सैंदलपुर, बछेला बछेली, खेड़ा खुर्द,उजरई, फतेहपुर नसीरपुर, लौहरई और जसराना में जमालीपुर और औरंगबाद व एका में हथौली जयसिंहपुर,जैतपुर।