फिरोजाबाद। टूंडला विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर कराए गए स्थलीय सत्यापन में 40 बूथों पर तमाम खामियां मिलीं। डीएम द्वारा नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा कराए सत्यापन में खामियों पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने पोलिंग बूथ वाली ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सचिवों को 24 घंटे में खामियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ नेहा जैन ने सोमवार को विकास भवन सभागार में टूंडला ब्लाक में तैनात पंचायत सचिवों की बैठक में उपचुनाव को लेकर दिशा-निर्देश दिए। विधानसभा क्षेत्र के सभी 558 पोलिंग बूथों पर जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान 40 बूथों पर टिन शेड, दिव्यांगों के लिए रैंप और पेयजल की व्यवस्था की कमी महसूस हुई।
सभी पोलिंग बूथों का पिछले दिनों सेक्टर मजिस्ट्रेटों से सत्यापन कराया था। सीडीओ ने खामियों वाले बूथों पर जरूरी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों को 24 घंटे में सुधार के निर्देश दिए। बुधवार को इन सभी बूथों का पुन: सत्यापन कराया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।