फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में एक महिला और उसके मायके वालों पर धोखाधड़ी और पैसों के लिए उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित मीना ने बताया कि उनके बेटे ऋतिक की शादी 15 मार्च 2021 को हाथरस के नगला आल, बघराया निवासी अनुपमा से हुई थी। ऋतिक की यह दूसरी शादी थी और अनुपमा व उसके परिवार को इसकी जानकारी पहले ही दे दी गई थी।
मीना का आरोप है कि शादी के बाद से ही अनुपमा घर में विवाद करती थी और पति से अभद्र व्यवहार करती थी। बाद में उन्हें पता चला कि अनुपमा पहले से शादीशुदा थी और उसके पेट पर प्रसव के ऑपरेशन का निशान भी था। जब यह बात अनुपमा के मायके वालों से पूछी गई, तो उन्होंने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मीना ने यह भी बताया कि अनुपमा ऋतिक के साथ पति-पत्नी का रिश्ता नहीं रखती थी और उसके मायके वाले ऋतिक पर घर जमाई बनने और सारी संपत्ति अनुपमा के नाम करने का दबाव बना रहे थे।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि 15 जुलाई 2024 को अनुपमा की छोटी बहन की शादी के नाम पर अनुपमा और उसके पिता ने चार लाख रुपये उधार लिए थे। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी यह रकम वापस नहीं की गई। जब मीना ने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। अनुपमा भी चुपके से मायके वापस चली गई है।
पीड़ित ने पहले थाने और पुलिस अधिकारियों को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।