टूंडला में भाजपा नेता के घर की सीढ़ी तोड़ते पालिकाकर्मी साथ में तहसीलदार व पुलिस फोर्सपालिका प्
- फोटो : टूंडला में भाजपा नेता के घर की सीढ़ी तोड़ते पालिकाकर्मी साथ में तहसीलदार व पुलिस फोर्स पालिका प्रशासन
टूंडला। एटा रोड न्यू इंद्रा नगर कॉलोनी में पड़ोसी दरोगा धर्मेश कुमार रावत की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के निवर्तमान जिला कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र शर्मा के मकान की दूसरी सीढ़ी को भी ध्वस्त करा दिया है। इस मामले में वर्ष 2024 में तत्कालीन एसडीएम डॉ. गजेंद्र पाल सिंह ने सीढ़ियां तोड़ने के आदेश दिए थे, जिसके अनुपालन में नवंबर 2025 में नगर पालिका प्रशासन ने पहली सीढ़ी तोड़ी थी। इसके बाद भी दरोगा द्वारा कोर्ट के आदेश का पूर्ण पालन न होने की शिकायत जारी रखने पर शनिवार को तहसीलदार सुशील कुमार और नगर पालिका अतिक्रमण प्रभारी अशोक कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ दूसरी सीढ़ी भी तुड़वा दी।
वहीं, पीड़ित भाजपा नेता जितेंद्र शर्मा ने इस कार्रवाई को गलत और प्रशासनिक दबाव में की गई कार्रवाई बताया है। उनका कहना है कि साढ़े तीन फीट ऊंचे मकान में सीढ़ी न होने से उनके बच्चे और पत्नी घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने दरोगा के खिलाफ अपनी शिकायतों पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने की बात कही है, जबकि एक ही निर्णय पर दो बार हुई इस कार्रवाई से भाजपाइयों में भारी आक्रोश है।