टूंडला। शासन प्रशासन के प्रयासों के बावजूद मिट्टी का अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम ने छापामार कार्रवाई कर दो ट्रैक्टर ट्राॅलियों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तहसील कर्मियों पर रुपये लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
लाइनपार क्षेत्र के रूधऊ मुस्तकिल में रात के अंधेरे में मिट्टी का अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। इस सूचना पर एसडीएम सत्येंद्र सिंह और तहसीलदार हेमंत कुमार ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। जहां से टीम दो ट्रैक्टर ट्राॅलियों को पकड़कर तहसील ले आई। इसको लेकर काफी संख्या में ग्रामीण तहसरील पहुंच गए तथा हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि वे मंदिर के लिए मिट्टी ले जा रहे थे।
अधिकारियों ने अवैध खनन बताकर ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ लिए हैं। आरोप है कि कर्मचारियों ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को छोड़ने के लिए 30 हजार रुपये भी ले लिए और ट्रैक्टर ट्राली को भी नहीं छोड़ा है। हंगामा कर रहे ग्रामीणों को एसडीएम ने समझाते हुए शांत कराया। इसके साथ ही किस कर्मचारी द्वारा रुपये लिए गए हैं ग्रामीणों से पूछताछ की।
रुधऊ मुस्तकिल में अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर ट्राॅली पकड़ी हैं। उनकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। कर्मचारियों द्वारा रुपये लेने के आरोप गलत हैं।
सत्येंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी, टूंडला