फिरोजाबाद। निरीक्षण को पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी को विकास खंड एका क्षेत्र में परिषदीय विद्यालय बंद मिले। एक परिषदीय विद्यालय में माह से बच्चों को दूध नहीं बांटे जाने की शिकायत सामने आई। प्रधानाध्यापक को कड़ी चेतावनी एवं एक शिक्षामित्र व सहायक अध्यापक का वेतन रोका गया है।
खंड शिक्षाधिकारी जितेद्र सिंह शुक्रवार सुबह करीब 9:22 पर उच्च प्राथमिक विद्यालय गौहाना का निरीक्षण किया। स्कूल बंद मिला। विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक ने मोबाइल द्वारा आकस्मिक अवकाश मांगा। खंड शिक्षाधिकारी ने प्रधानाध्यापक दीनदयाल को कड़ी चेतावनी के साथ नियमानुसार अवकाश प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने एवं सहायक अध्यापक योगेद्र प्रताप सिंह का अग्रिम निरीक्षण तक वेतन रोकने की संस्तुति की है।
निरीक्षण को एक अन्य उच्च प्राथमिक विद्यालय बटोलर पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी को सुबह 9:32 पर यह विद्यालय भी बंद मिला। विद्यालय के बाहर खडे़ बच्चों ने बताया कि माह जुलाई से दूध वितरण नहीं किया जा रहा है। शिक्षामित्र वर्षा यादव उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर घर चली जाती हैं। शिक्षामित्र वर्षा का एक माह का एवं दूसरे शिक्षामित्र भंवर पाल का एक दिन का मानदेय काटने की संस्तुति की है। संवाद