स्कूल बसों में महिला केयर टेकर न सीसीटीवी
- स्कूल प्रबंधक नियमों को पालन करने में नहीं दिखा रहे रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। सुहागनगरी की सड़कों पर दौड़ रहे अधिक स्कूल बसों व वाहनों में मानक के अनुसार व्यवस्थाएं नहीं हैं। एक तरफ जहां स्कूली वाहनों में महिला केयर टेकरों की तैनाती नहीं की गई है, वहीं दूसरी तरफ महत्वपूर्ण उपकरण सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, जीपीएस भी नहीं लगे हैं।
यह बताने के लिए काफी है कि स्कूल प्रबंधन सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का किस हद तक पालन कर रहे हैं। इससे बच्चे सदैव खतरे के साए में आते-जाते हैं। ड्राईवर सीट के साथ छोटे बच्चों को बिठाने की भी अनुमति नहीं है। मगर फ्रंट सीट में छोटे बच्चे भी बैठाए जा रहे हैं। यह हाल तब है जब परिवहन विभाग लगातार चेकिंग कर रहा। पिछले कुछ दिनों में मानकों का पालन न मिलने पर 110 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
ये हैं मानक
- स्कूली वाहनों में आपात स्थिति के लिए पैनिक बटन।
- वाहनों की लोकेशन जानने के लिए जीपीएस ।
- गाड़ियां के भीतर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे।
- गाड़ी में फायर सिस्टम, फर्स्ट ऐड बॉक्स।
जिले में करीब 1007 स्कूली वाहन पंजीकृत है। इनमें से करीब 350 वाहनों का ही फिटनेस है। पिछले सप्ताह से चलाए जा रहे अभियान के दौरान करीब 110 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। सोमवार से अभियान सख्त कर दिया जाएगा। बिना मानक के वाहन यदि मिलता है तो उसको सीज कर दिया जाएगा।
- राजेश कर्दम, एआरटीओ प्रशासन