फिरोजाबाद। वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनांतर्गत छात्र–छात्राओं के आवेदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन कई शिक्षण संस्थानों की सुस्ती के कारण बड़ी संख्या में आवेदन अभी तक लंबित हैं। इन कॉलेजों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 25,657 छात्रों के आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से अब तक 17,930 आवेदन पत्र संस्थानों द्वारा अग्रसारित (फॉरवर्ड) किए जा चुके हैं, जबकि 253 आवेदन पत्र रिजेक्ट किए गए हैं। इसके बावजूद 7,474 आवेदन पत्र अब भी संस्थानों के लॉगिन पर कार्यवाही के लिए लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालय स्तर से आवेदन पत्रों को फॉरवर्ड या रिजेक्ट करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर तय की गई है। यदि किसी संस्थान के पोर्टल पर किसी छात्र या छात्रा का आवेदन लंबित हो तो उसे अनिवार्य रूप से निर्धारित तिथि से पहले परीक्षणोपरांत पात्रता की स्थिति में स्वीकृत कर अग्रसारित किया जाए।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी आवेदन पत्र संस्थान के लॉगिन पर लंबित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल अपने छात्रवृत्ति पोर्टल की समीक्षा कर फार्म अग्रसारित करें।