शास्त्री मार्केट में भाईयों की कलाई पर राखी बाधने के लिए राखी की खरीदारी करती बहनें। संवाद
फिरोजाबाद। इस साल रक्षाबंधन का त्योहार शनिवार को मनाया जाएगा और यह पर्व भद्रा और पंचक के अशुभ प्रभाव से पूरी तरह मुक्त रहेगा। चार साल बाद ऐसा हो रहा है कि रक्षाबंधन के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है, जिससे राखी बांधने के लिए पूरे दिन शुभ मुहूर्त रहेगा।
राधामोहन मंदिर के महंत मोहित शास्त्री के अनुसार, रक्षाबंधन का पर्व शनिवार को सुबह 5:50 बजे से शुरू हो जाएगा। इस दिन धनिष्ठा नक्षत्र से युक्त श्रवण नक्षत्र रहेगा, जिसमें किया गया उपाकर्म सफल माना जाता है। इसलिए, सूर्योदय से लेकर दोपहर 1:50 बजे तक उपाकर्म के लिए विशेष शुभ काल है। शुभ मुहूर्त की बात करें तो, सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 5:50 बजे से दोपहर 2:23 बजे तक रहेगा। इसके बाद भी दोपहर 3:38 बजे तक राखी बांधने का शुभ योग बना रहेगा। इससे बहनें दिनभर अपनी सुविधानुसार भाइयों को राखी बांध सकेंगी।