थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी चौराहा कान्हा गोशाला के पास का मामला, परिजन शव ले गए घर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी स्थित कान्हा गोशाला के पास बेटे के साथ दवा लेने आ रही महिला की साड़ी बाइक के पिछले पहिये में फंस गई। वह सड़क पर गिर गई। उनकी मौत हो गई।
गांव भरतपुरा थाना नारखी निवासी सुशीला देवी (60) दो दिन से बुखार से पीड़ित थी। वह शुक्रवार सुबह बेटे रामू यादव के साथ बुलट बाइक से दवा लेने के लिए फिरोजाबाद आ रही थी। वह ककरऊ कोठी स्थित कान्हा गोशाला के पास पहुंची ही थी। इसी दौरान उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में आ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। हादसा होते ही आसपास के राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। बेटा उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। परिजन में चीख-पुकार मच गई। वह अपने पीछे पांच पुत्रों और एक बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गईं हैं। पति अनार सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। परिजन कागजी कार्रवाई पूरी कर बिना पोस्टमार्टम के शव घर ले गए।
बेटा रामू यादव ने बताया कि वह दो दिन से बुखार से पीड़ित थी। वह मां सुशीला देवी को दवा दिलाने फिरोजाबाद ला रहा था। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला के परिजन कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को घर ले गए हैं। वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे।