फिरोजाबाद। ब्लाक स्तर पर 14 नवंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी करने वाली गांव की बेटियों को अनुदान वितरण में देरी की जा रही है। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अनुदान की राशि अब सीधे बेटियों के खातों में भेजी जाएगी।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम अंतर्गत 314 जोड़ों की शादी कराई गई थी। विवाहित जोड़ों को 35-35 हजार रुपये का नकद अनुदान भी दिया जाना है। लेकिन ब्लाक स्तरीय अधिकारी बेटियों को मिलने वाले नकद अनुदान पर कुंडली मार कर बैठे हैं। यह मामला डीएम चंद्र विजय सिंह के संज्ञान में आया। उन्होंने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। अनुदान हस्तांतरण में लापरवाही पर डीएम ने जिले के कई बीडीओ कड़ी फटकार लगाई।
डीएम ने सभी बीडीओ को योजना के लाभार्थियों की सत्यापित सूची समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश देकर पैसा खाते में भेजने को कहा। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ प्रज्ञाशंकर ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में शामिल लाभार्थियों को नियमानुसार 35-35 हजार रुपये नकद अनुदान दिया जाना है। ब्लाक स्तर से हमें लाभार्थियों की सत्यापित प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। डीएम ने इस पर नाराजगी जताई है।