जसराना। शासन की प्राथमिकता वाले फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने और बैठक से गैरहाजिर रहने पर 22 लेखपालों का वेतन रोका गया है। एसडीएम जसराना राजेश शुक्ला ने इन सभी से स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
एसडीएम ने बताया कि तहसील स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य की प्रगति संतोषजनक न होने पर मंगलवार दोपहर 3 बजे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में 22 लेखपाल उपस्थित नहीं हुए, जिसे शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही माना गया है। लेखपाल अनुदीप नारायण, अनोखेलाल, इंद्रपाल सिंह, जितेंद्र कुमार, प्रवीन कुमार, मनोज शर्मा, राजीव कुमार, राहुल उपाध्याय, सतेंद्र कुमार, अशोक कुमार, पवन कुमार, वरुण कुमार, अमित कुमार-1, अमित कुमार-2, सुमित दीक्षित, दिव्यांक चौहान, मोहित नंदन, आलोक कुमार, कौशल प्रताप सिंह, धर्मेन्द्र सिंह और रवीश कुमार आदि का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोका गया है। एक सप्ताह के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है।
गांवों में रात 10 बजे तक लगेंगे कैंप
जसराना। तहसील क्षेत्र के किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए विशेष कैंप का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 15 अप्रैल तक गांवों में कैंप लगेंगे। यह रात के 10 बजे तक आयोजित होंगे। जनसेवा केंद्र संचालकों की भी कैंपों में ड्यूटी लगाई है, ताकि ऑनलाइन कार्य में तेजी आए। संवाद