फिरोजाबाद। मक्खनपुर क्षेत्र के चर्चित पारस होटल में चल रहे देह व्यापार सिंडिकेट के मामले में पुलिस की पैरवी के बाद न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को सीजेएम कोर्ट ने फरार चल रहे होटल मालिक कश्मीर सिंह और संचालक पारस के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मुकदमे के विवेचक सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि होटल में छापेमारी के बाद से ही मालिक कश्मीर सिंह और संचालक फरार हैं। पुलिस ने कोर्ट के समक्ष इनके खिलाफ साक्ष्य प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर अब वारंट जारी हुए हैं। पुलिस की टीमें दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। बता दें कि पुलिस ने 20 मार्च की रात छापेमारी कर 11 पुरुषों और 4 युवतियों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया था। संवाद