फिरोजाबाद। जिले में संचालित साधन सहकारी समितियों में से अधिकांश के गोदाम पुराने व जर्जर हैं। इससे गोदामों में रखे जाने वाले खाद एवं बीज आदि की बर्बादी होती रही है। इससे निपटने के लिए जिले का सहकारिता विभाग इन गोदामों का जीर्णोद्धार करवाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए लगभग 72 लाख की डिमांड शासन को भेजी गई है।
जिले में 85 साधन सहकारी समितियां कार्यरत हैं। इन में से अधिकांश समितियों के गोदाम जर्जर स्थिति में हैं। इस कारण इनमें रखे जाने वाले विभिन्न किस्म के उर्वरक और फसलीय बीज आदि को नुकसान हो रहा है। लगातार हो रहे नुकसान के मद्देनजर सहकारी समितियां गोदामों के जीर्णोद्धार की मांग कर रही है।
सहकारिता विभाग ने कराई जांच के मुताबिक 25 सहकारी समितियों के गोदामों की मरम्मत की तत्काल आवश्यकता है। इनमें फिरोजाबाद ब्लाक के तीन, नारखी के दो, जसराना का एक, शिकोहाबाद के चार, अरांव के तीन, मदनपुर ब्लाक के दो टूंडला एवं एका ब्लाक में संचालित एक-एक समिति के गोदामों की स्थिति काफी जर्जर है। इनकी मरम्मत के लिए सहकारिता विभाग ने 72 लाख रूपए की डिमांड शासन को भेजी है।