टूंडला (फिरोजाबाद)। रेल प्रशासन अजमेर शरीफ में ख़्वाजा ग़रीब नवाज के 808वें वार्षिक उर्स में जाने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए एक और स्पेशन ट्रेन चालने जा रहा है। 20 कोच वाली यह ट्रेन 28 फरवरी को कोलकाता से चलाई जाएगी। जो तमाम स्टेशनों से होते हुए टूंडला, आगरा होकर अजमेर पहुंचेगी।
24 फरवरी को रेल प्रशासन ने ख्वाजा गरीब नवाज के वार्षिक उर्स को ध्यान में रखते हुए 05285/05286 बरौनी-अजमेर उर्स विशेष ट्रेन चलाई थी। अब रेल प्रशासन कोलकाता से टूंडला होते हुए अजमेर के लिए 03137/03138 उर्स स्पेशल ट्रेन संचालित करने जा रहा है।
यह ट्रेन 28 फरवरी सुबह 11.30 बजे कोलकाता से चलेगी। 29 फरवरी को यह ट्रेन सुबह 9.55 बजे टूंडला पहुंचेगी। पांच मिनट के स्टोपेज के उपरांत आगरा फोर्ट, बयाना होते हुए शाम 5.55 बजे अजमेर पहुंचेगी।
प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इसमें दो एसएसआर, चार सामान्य कोच, 11 स्लीपर कोच व तीन वातानुकूलित द्वितीय व तृतीय श्रेणी कोच होंगे। अजमेर से यह ट्रेन दो मार्च को मध्यरात्रि 12.15 बजे चलेगी। जो सुबह 7.50 बजे टूंडला पहुंचेगी। यहां से उसी मार्ग होते हुए सुबह साढ़े छह बजे कोलकाता पहुंचेगी।