गौंछ के बाग में हुई घटना को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि बदमाशों ने नगरिया ब्रज निवासी रतनलाल कुशवाहा के घर धावा बोल दिया। जगार होने पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में ग्रामीणों ने भी फायरिंग की तो बदमाश भाग निकले। घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
बुधवार रात रतनलाल कुशवाहा परिवार के साथ सो रहे थे। रात करीब एक बजे मकान की छत पर बदमाशों की आहट सुनकर परिवारीजन जाग गए। उन्होंने शोरगुल किया तो आसपास के ग्रामीण भी घरों से निकल आए। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते ही ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। हालांकि जवाब में कुछ लोगों ने बदमाशों का सामना करते हुए लाइसेंसी असलहों से फायरिंग की। इससे बदमाशों के पैर उखड़ गए और फरार हो गए। ग्रामीणों की माने तो बदमाशों का क्षेत्र में 21 जनवरी से आतंक है।
इसकी जानकारी थानाध्यक्ष नारखी और गौंछ बाग चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को है। फिर भी बदमाश आए दिन गांव में धावा बोलकर पशु चोरी और अन्य घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के एक नलकूप के पास बदमाश चोरी किए गए पशुओं को वाहनों में लादते हैं वहां पर पुलिस मौजूद रहती है। उन्होंने बदमाश और पुलिसकर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
मुकदमा दर्ज तक नहीं करती पुलिस
ग्रामीणों की माने तो वह पशु चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने जाते हैं तो पुलिस तहरीर लेकर मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कहती है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी मामला दर्ज नहीं किया जाता। उन्होंने एसपी से घटना से अवगत कराने की बात कही है।