कानपुर से आगरा जा रही रोडवेज बस खडे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई। वहीं घायल यात्रियों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है।
कानपुर से चली रोडवेज बस सिरसागंज थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर गुरुवार की रात करीब दो बजे गुराऊ टोल टैक्स के पास एक खडे़ हुए ट्रक से टकरा गई। बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
विज्ञापन
बस यात्री उमाकान्त दुबे ने बताया कि इटावा में खाना खाने के बाद बस चालक लापरवाही और तेज गति से बस को चला रहा था , जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायलों को पीजीआई सैफई और कुछ घायलों को सीएचसी सिरसागंज और शिकोहाबाद भेजा।
हादसे में रोडवेज बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में विजयपाल, उदयपाल, महेश, शिव मोहन निवासीगण फतेहपुर कानपुर, उमाकान्त दुबे निवासी केशव नगर कानपुर , रश्मी सक्सैना कानपुर, सुखलाल , दीनानाथ, आशीष निवासीगण हमीरपुर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों में शशिकांत तिवारी औरेया, राजेश कन्नोजिया, आदित्य, नीतू पत्नी राजेश कन्नोजिया निवासीगण सदर बाजार आगरा को फिरोजाबाद और सैफई भेजा गया।