फिरोजाबाद। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों के ग्राफ को नीचे लाने के उद्देश्य से 16 से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान यातायात नियमों के पालन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
इस पखवाड़े को प्रभावी बनाने के लिए डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सीएमओ, सीओ यातायात, समस्त तहसीलों के एसडीएम, डीआईओएस, बीएसए, लोनिवि, नगर निगम, एनएचएआई, यूपीडा सहित करीब 20 प्रमुख विभागों और अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा बस, टैंपो व टैक्सी यूनियनों तथा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत प्रत्येक विभाग को अपनी कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने होंगे। अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट, फोटोग्राफ्स सहित निर्धारित ई-मेल आईडी और गूगल शीट पर प्रतिदिन अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शासन स्तर पर इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। एआरटीओ गौरी शंकर ठाकुर ने बताया कि प्रशासन का मुख्य जोर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, स्पीड लिमिट और यातायात के अन्य नियमों के प्रति जागरूक करने पर रहेगा।