जिले के प्रभारी एवं लघु सिंचाई और पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा के नाम पर सिर्फ औपचारिता की। मात्र 20 मिनट में 50 से भी अधिक बिंदुओं की समीक्षा कर डाली। उन्होंने डीएम के साथ ही उनकी टीम की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि प्रदेश में फीरोजाबाद को नंबर एक पर लाना होगा।
कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री राज किशोर सिंह ने समीक्षा बैठक ली। मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति देखी और सीएमओ को प्रशस्तिपत्र मिलने की भी सराहना की। समाजवादी पेंशन योजना के बारे में कहा कि इसमें मध्यमवर्गीय अथवा जो परिवार छूट गए हैं, उन्हें भी शामिल किया जाए। लोहिया आवास की समीक्षा करते हुए ही कहा कि गरीबों को हक मिले। श्रम विभाग की ओर से संचालित होने वाली योजनाओं पर खुशी जाहिर की। वहीं मुख्यमंत्री जल बचाओ अभियान के तहत तालाबों का भी चिह्नांकन करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने डीएम एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला अभी प्रदेश में आठवें स्थान पर है लेकिन उम्मीद है कि शीघ्र ही प्रथम स्थान पर होगा। मेरे द्वारा हिम्मतपुर सहित कई गांव का भ्रमण किया गया लेकिन कोई समस्या नहीं आई। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि लोहिया गांव के संपर्क मार्गों का निर्माण कराएं। डीएम ने कुछ अन्य योजना को भी रखने का प्रयास किया लेकिन प्रभारी मंत्री के ही संबोधन के साथ मीटिंग समाप्त हो गई। सपा के विधायक ओमप्रकाश वर्मा और सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने अफसरों के द्वारा समस्या बताने के बावजूद भी निदान नहीं किए जाने की बात प्रभारीमंत्री के समक्ष रखी। प्रभारी मंत्री ने डीएम से कहा कि वह जनप्रतिनिधियों की बात को प्रमुखता से सुनें और समस्याओं का निस्तारण भी कराएं। विधायक हरिओम यादव, जिला पंचायत के अध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल, पूर्व विधायक मोहन देव शंखवार, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव, सीडीओ सुजीत कुमार, डीडीओ आरके राम, पीडी सर्वेशचंद्र यादव, डीडी कृषि प्रसार डीपी सिंह, डीएसटीओ अशोक कुमार, डीपीआरओ बनवारी सिंह, डीआईओएस रवींद्र सिंह के साथ ही अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
पूर्व विधायक ने मंत्री से की फरियाद
सपा के पूर्व विधायक मोहनदेव शंखवार ने प्रभारी मंत्री राजकिशोर सिंह को पत्र सौंपते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जाटऊ में गड्ढों को भरवाने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने पत्र डीएम को सौंपते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बारिश से कई अधिकारी हुए लेट
झमाझम बारिश के कारण शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कई अफसर देरी से पहुंचे। अफसरों को उम्मीद थी कि मीटिंग देर तक चलेगी लेकिन जब तक पहुंचे तो मीटिंग समाप्त हो गई थी।
मीटिंग नहीं ट्वंटी-ट्वंटी मैच
मीटिंग में देर से पहुंचे एक अफसर ने तो यहां तक कह डाला कि प्रभारी मंत्री ने समीक्षा नहीं बल्कि ट्वंटी-ट्वंटी मैच खेलकर ही विदा ले ली। पूरा मैच होता तो समय लगता।