45 बकाएदारों से वसूला राजस्व, 43 के काटे कनेक्शन
टूंडला। शुक्रवार को विद्युत निगम की टीम ने थाना नगला सिंघी के गांव टीकरी में बकाएदारों से वसूली एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में 70 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया। वहीं बकाया जमा नहीं करने वाले 43 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
निगम के उप मंडल अधिकारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विद्युत निगम की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। निगम की टीम देख ग्रामीणों में खलबली मच गई। इस दौरान टीम ने 45 उपभोक्ताओं से 70 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया। जबकि बिल जमा न करने वाले 43 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
अवर अभियंता बनी सिंह ने बताया कि बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 45 उपभोक्ताओं ने अपने बकाया जमा करा दिए। वहीं 43 उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा नहीं किया। उनके कनेक्शन काट दिए गए हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में लाइनमैन भी शामिल रहे।