टूंडला। आगरा हाईवे स्थित अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई महिला की मौत के मामले में चिकित्सक सहित सात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मृतका के पति ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने जांच होने तक अस्पताल को सील कर दिया है।
थाना पचोखरा के गांव राजनगर निवासी रामगोपाल ने पत्नी काजल को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार रात 11:30 बजे आगरा रोड स्थित टूंडला हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराया था। बुधवार सुबह आठ बजे चिकित्सक ने ऑपरेशन से बच्चे प्रसव किया था। इसमें काजल ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। ऑपरेशन होने के कुछ ही घंटे बाद महिला की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक उसे उपचार के लिए अपनी ही कार से आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में ही काजल की मौत होने पर चिकित्सक उसे कार से ही गांव छोड़ आए थे।
जबकि चिकित्सक ने उन्हें दवा लेने के बहाने भेज दिया था। अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार की मांग की गई। 13 हजार जमा करा दिए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा मंजू निवासी गढ़ी जोरी थाना पचोखरा उसे अस्पताल में भर्ती कराकर आई थी। रामगोपाल ने डाॅ. एके शर्मा, डाॅ. नेहा सिंह जादौन, डाॅ. आरपी सिंह जादौन, डाॅ. डीपी सिंह जादौन, कंपाउंडर प्रीती व यशवीर, निवासी हेल्प केयर सेंटर उदय नगर टूंडला व आशा मंजू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर आरोपी चिकित्सक डाॅ. एके शर्मा का कहना है कि महिला में रक्त की मात्रा काफी कम थी। परिजन से ब्लड की मांग भी की गई थी। अधिक रक्तश्राव होने के कारण उसकी मौत हुई है। लापरवाही के आरोप गलत हैं।
पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अस्पताल को सील कर दिया गया है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप दीक्षित, थाना प्रभारी, टूंडला