टूंडला के भर्रा नाले पर फड़ दुकान लगाने पर चालान काटते पालिकाकर्मी
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। नगर में शुक्रवार को पालिका प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के क्रम में साप्ताहिक बंदी दिवस पर शुक्रवार को लगने वाले फड़ बाजार को हटवाया। पालिका कर्मचारियों ने फड़ लगाकर सामान बेचने वालों को सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही साप्ताहिक बंदी के दौरान खुली दुकानों को भी बंद कराया। अवहेलना करने वाले दुकानदारों के चालान भी काटे।
नगर के मुख्य वीआईपी मार्ग पर लगने वाले अतिक्रमण को देखते हुए पालिका प्रशासन काफी सख्त नजर आ रहा है। प्रतिदिन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पालिका के ईओ मुकेश कुमार के नेतृत्व में जहां बृहस्पितवार को अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध अभियान चलाकर दुकानदारों के चालान किए गए तो वहीं शुक्रवार को वीआईपी रोड घेरकर दुकान सजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पालिका प्रशासन ने भर्रा नाला से सुभाष चौराहे तक फड़ बाजार को नहीं लगने दिया। साथ ही दुकानदरों को चेतावनी दी कि वीआईपी रोड पर किसी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान कुछ फड़ विक्रेताओं के चालान भी काटे। वहीं, ईओ मुकेश कुमार ने साप्ताहिक बंदी के दौरान भी दुकान खोलकर बैठे दुकानदारों को चेतावनी दी कि साप्ताहिक बंदी का पूरी तरह से पालन कराया जाए।