फिरोजाबाद। नगर निगम की सीमा में शामिल वार्ड संख्या-18 का क्षेत्र बासठ समस्याओं से जूझ रहा है। क्षेत्र में कच्ची गलियां हैं। जिनमें पानी भर जाता है। पूरे क्षेत्र में पाइप लाइन नहीं डाली गई है। जिससे लोग नलकूप से पानी भरने को विवश हैं।
क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले नई आबादी में आते हैं तो आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले पुराने हैं। क्षेत्र की आबादी 30 हजार के करीब है। क्षेत्र में पाइप लाइन भी नहीं डाली गई हैं और गलियों का निर्माण भी नहीं हुआ है। वहीं 40 से अधिक गलियां कच्ची हैं और पानी की निकासी का रास्ता भी नहीं है। छारबाग तिराहा से सोफीपुर को जाने वाला मार्ग पक्का हो चुका है लेकिन संपर्क गलियां जर्जर हैं। घरों से निकलने वाला पानी भी जगह-जगह गड्ढों में भर गया है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तक नहीं है।
अभी तक शुरू नहीं हुआ कार्य
क्षेत्रीय निवासियों ने बताया कि नाला स्थित आंबेडकर पार्क से फतेेहाबाद रोड तक सड़क का निर्माण कराने के लिए नगर निगम द्वारा करीब दो साल पूर्व 17 लाख रुपये का टेंडर उठाया गया था। इसका निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है।
- गलियां कच्ची होने से निकलने में दिक्कत होती है। जगह-जगह पानी भरा हुआ है। कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। शहर के अन्य वार्डों में नगर निगम द्वारा कार्य कराया जा रहा है। - मीना देवी, शांतिनगर।
- क्षेत्र में करीब आठ से दस नलकूप लगे है, पाइप लाइन नहीं है। जिससे पानी भरकर लाना पड़ता है। काम छोड़कर पानी भरने जाने में दिक्कत होती है। इसलिए ढाई सौ रुपये प्रतिमाह पर सबमर्सिबल का कनेक्शन ले रखा है। - मीना बघेल, शांतिनगर
- गलियों के निर्माण के लिए कई बार नगर निगम अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दिए हैं। फाइल भी तैयार करा ली थी कि क्षेत्र का विकास हो जाए। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही। - नाहर सिंह, नई आबादी छारबाग।
- गलियां कच्ची होने के साथ ही रात को प्रकाश की व्यवस्था न होने से दिक्कत आती है। बरसात के दिनों की बात की जाए तो बाइक तो दूर पैदल नहीं निकल पाते। मुख्य मार्ग से क्षेत्र नीचे पर होने के कारण जलभराव रहता है। - चंदन सिंह, नई आबादी छारबाग।
- क्षेत्र के विकास के लिए कई बार प्रार्थना पत्र के साथ प्रस्ताव भी बनाकर नगर निगम में दे दिए गए। एक भी प्रस्ताव पास नहीं हो सका। क्षेत्र में करीब 13 हजार मतदाता होने के साथ ही आबादी भी 30 हजार है। नगर निगम अधिकारी विकास के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहे। - राजू गोरख, क्षेत्रीय पार्षद।