पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं हुई दुष्कर्म की पुष्टि
स्लाइड जांच के लिए भेजी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। शिकोहाबाद निवासी छात्रा के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इसमें छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है। उसकी स्लाइड जांच को भेजी गई है। स्लाइड की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ अथवा नहीं। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम पैनल के द्वारा कराया गया था।
शिकोहाबाद निवासी छात्रा का शव शनिवार सुबह टूंडला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक पेड़ पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया था। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद जो रिपोर्ट आई है। उसमें छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी। एसपी देहात डा. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोट में छात्रा की मौत का कारण फंदे से लटकना पाया गया है। सके शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं है। स्लाइड जांच को भेजी गई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतका के पिता ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर भी दी है। स्लाइड की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
छात्रा के शव का हुआ अंतिम संस्कार
पिता ने लगाया अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या का आरोप
गांव के पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। टूंडला क्षेत्र में शनिवार को शिकोहाबाद की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला था। देर शाम शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को पुलिस ने सौंप दिया। वहीं मृतका के पिता ने बेटी का अपहरण कर दुष्कर्म और फिर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकोहाबाद थाना पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी बेटी कोरोना का टीकाकरण कराने शुक्रवार को घर से गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद उसका कोई पता नहीं लगा। शनिवार को टूंडला पुलिस ने बेटी का शव टूंडला थाना क्षेत्र के एक गांव के समीप पेड़ पर फंदे से लटका पाया। पीड़ित पिता का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने उसकी बेटी का अपहरण किया और सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया। टूंडला पुलिस ने शनिवार देर शाम शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं सीओ शिकोहाबाद कमलेश कुमार का कहना है कि छात्रा के शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। मृत छात्रा के पिता ने पांच लोगों पर अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।