टूंडला (फिरोजाबाद)। लकड़ी काटने गई बालिका से एक युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका के विरोध करने पर आरोपी बालिका को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। शिकायत करने गए परिजनों को आरोपी के परिजनों ने पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से शिकायत की।
मामला थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद हाइवे स्थित एक गांव का है। गांव की रहने वाली 11 वर्षीय एक बालिका शनिवार शाम चार बजे करीब गांव के ही 18 वर्षीय राजा के साथ गांव के बाहर स्थित स्कूल में पेड़ से लकड़ी काटने गई थी। बालिका को अकेला देख युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका के शोर करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। घर पहुंची बालिका ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। शिकायत लेकर पहुंचे पीड़िता के परिजनों के साथ आरोपी ने भाई टीटू के साथ मिलकर पिटाई कर दी।
वह थाने पहुंचते उससे पूर्व ही आरोपी के परिजनों ने पुलिस को फोन कर बुला लिया और उन पर ही छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। पीड़ितों ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रामेन्द्र कुमार शुक्ला, थाना प्रभारी, टूंडला