करंट लगने के बाद लाइन पर अटका लाइनमैन।
प्रतापपुर चौराहा पर गुरुवार दोपहर 11 हजार की लाइन ठीक कर रहे संविदा कर्मी विद्युत कर्मचारी दीपू अचानक लाइन चालू किए जाने के कारण झुलस गया। तेज आवाज के साथ दीपू के शरीर में आग लग गई। लगभग 15 मिनट तक वह लाइन पर टंगा रहा। बाद में, शहजलपुर सब स्टेशन पर फोन कर लाइन बंद कराई गई। सूचना मिलते ही डायल 100 और पुलिस भी पहुंच गई। आनन-फानन में जेसीबी की सहायता से अन्य विद्युत कर्मी दीपू को लाइन से नीचे उतारकर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
थाना शिकोहाबाद अंतर्गत निजामपुर गढ़ूूमा निवासी दीपू जाटव पुत्र भूप सिंह शहजलपुर स्थित सबस्टेशन पर संविदा पर कार्यरत है। गुरुवार दोपहर वह अपने एक साथी के साथ प्रतापपुर चौराहा पर लगे ट्रंासफार्मर की खराब लाइन को ठीक कर रहा थज्ञ। इस दौरान शट डाउन ले रखा था। इसके बाद वह विद्युत खंभों के सहारे चढ़कर लाइन ठीक करने लगा। अचानक किसी ने सब स्टेशन से लाइन चालू कर दी। लाइन में करंट दौड़ने से तेज आवाज के साथ दीपू के शरीर से आग निकली। यह नजारा देखकर नीचे खड़ा उसका साथी भाग खड़ा हुआ। आग से दीपू की शर्ट पूरी तरह जल गई और चेहरा, हाथ व बदन झुलस गया। जानकारी पर अन्य विद्युत कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। सब स्टेशन से लाइन में दौड़ रहे करंट को बंद कराया गया। इसके बाद जेसीबी की सहायता से दीपू को उतारा गया। इधर, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे के दौरान भीड़ एकत्रित होने से प्रतापपुर चौराहे पर वाहनों का जाम लग गया। गंभीर अवस्था में दीपू को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।