टूंडला। त्योहार पर कम दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने फास्ट मेमू चलाया है। कानपुर सेंट्रल-अलीगढ़ फास्ट मेमू चलने से रेलयात्रियों को खासा लाभ मिलेगा। यह ट्रेन हफ्ते रविवार को छोड़कर छह दिन चलेगी। इस ट्रेन का संचालन एक अक्तूबर से 30 नबंवर तक किया जाएगा।
प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन नंबर 04189/90 कानपुर सेंट्रल-अलीगढ़ फास्ट मेमू का संचालन एक अक्तूबर को गोविंदपुरी से सुबह 7:20 पर किया गया है। यह फास्ट मेमू गोविंदपुरी, पनकीधाम, रूरा, झींझक, फफूंद, भरथना, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद होकर टूंडला सुबह 10:33 बजे पहुंचेगी। वहीं, दो मिनट के ठहराव के बाद बरहन, हाथरस होकर अलीगढ़ दोपहर 12:40 बजे पहुंचेगी। इधर, डाउन में अलीगढ़ से एक अक्तूबर दोपहर 1:40 बजे चलेगी। जो इसी क्रम होकर टूंडला दोपहर 3:15 बजे पहुंचेगी। वहीं दो मिनट के ठहराव के बाद देरशाम 8:15 पर गोविंदपुरी पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों ओर से 61-61 फेरे लेगी। इस ट्रेन के चलने से रेलयात्रियों को दशहरा, दीपावली, भैयादौज व छठ पूजा के लिए खासा लाभ मिलेगा।