शिकोहाबाद। नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार चल रहे आरोपी की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में सादाबाद, हाथरस, मैनपुरी और आगरा में दबिश दे चुकी है। अब पुलिस आरोपी की तलाश में अलीगढ़ भी पहुंची है। पुलिस का दावा है कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मोबाइल तोड़कर फरार हो गया है।
शहर के एक इलाके में एक घर में सब्जी देने गई 8 वर्षीय नाबालिग को युवक ने बदनीयत से दबोच लिया था। जिसे घर से कहीं दूर ले जाकर युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस घटना में पुलिस ने शहजाद नाम के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में घटना के बाद से जुट गई है। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी लोकेशन छिपाने के लिए मोबाइल को तोड़कर फेंक गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में अब तक सादाबाद, हाथरस, मैनपुरी, फिरोजाबाद और आगरा में दबिश दे चुकी है। अब पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए अलीगढ़ में दबिश देने के लिए रवाना हो गई है।
आरोपी के न पकड़े जाने से नाराज ग्रामीण थाने पहुंचे
दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। इसके चलते पीड़ित परिवार एवं गांव के अन्य लोग काफी संख्या में एकत्रित होकर थाने पहुंचे। जहां उन्होंने आरोपी के तीन दिन बाद भी नहीं पकड़े जाने पर नाराजगी जताई। पुलिस ने जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
आरोपी लोकेशन छिपाने के लिए मोबाइल तोड़कर भाग निकला है। उसकी तलाश में कई जिलों में दबिश दी गई है। अब अलीगढ़ में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
प्रवीण कुमार तिवारी, सीओ, शिकोहाबाद