खेत में निकला अजगर, वन विभाग की टीम भी पहुंची
जसराना। तहसील क्षेत्र के गांव कबिलपुर के बाहर खेत में अजगर को देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिली तो वन विभाग के कर्मचारी भी पहुंच गए। वहीं एक साधू ने अजगर को पकड़ने का प्रयास किया तो पास ही मौजूद नहर में अजगर चला गया।
तहसील क्षेत्र के गांव कबिलपुर के लोग अपने जानवरों को चराने के लिए खेतों की तरफ गए थे। इसी दौरान खेत के सहारे मौजूद झाड़ियों में अजगर को देखा तो अपने जानवरों को वहां से हटा लिया। झाड़ियों में अजगर के होने की सूचना पर अन्य ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। लेकिन लेकिन अजगर की लंबाई को देख कोई भी पास जाने का साहस नहीं दिखा सका। ग्रामीणों ने पूरे मामले से वन विभाग को अवगत कराया। वन विभाग से कर्मचारी तो पहुंचे लेकिन कोई साधन नहीं होने से बेबस नजर आए। वहीं टहलते हुए पहुंचे एक साधू ने अजगर को पकड़ने का प्रयास किया तो अजगर नहर में चला गया। वन दरोगा संदीप सिंह ने कहा सूचना पर वन विभाग से टीम गई थी। अजगर के नहर में चले जाने के कारण पकड़ा नहीं जा सका। संवाद