नोटबंदी की मार से लोग बेहाल हैं। लोगों को हो रही परेशानी का नगर की कुछ बैंके फायदा उठा रहीं हैं। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आज गुरुवार की सुबह बैंक आफ इंडिया की शाखा के खुलने से पूर्व ही लंबी लाइन लग गई। बैंक प्रबंधक जब स्टाफ के साथ 10 बजे बैंक पहुंचे तो लंबी लाइन देखते ही उन्होंने लोगों से कहा कि कैश नहीं है। आप लोग हटिए। इतना कहते ही एक व्यक्ति ने बैंक के गेट में ताला लगा दिया। लोगों ने कहा कि जब आपके पास कैश ही नहीं है तब आप बैंक में जाकर क्या करेंगे?
बैंक मैनेजर स्टाफ सहित बैंक के बाहर ही खड़े रहे। लोगों का आक्रोश बढ़ते देख बैंक मैनेजर ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने आकर बैंक के गेट पर लगा ताला तोड़ा तब बैंक मैनेजर व स्टाफ बैंक में प्रवेश कर सका। लोगों के तेवर देख बैंक प्रबंधक व स्टाफ ने कार्य प्रारंभ कर दिया। नौशहरा निवासी राजन का आरोप है कि बैंक आफ इंडिया के प्रबंधक का व्यवहार लोगों के प्रति सही नहीं है। इसी के चलते दो दिन पूर्व भी बैंक परिसर में बवाल हुआ था। बैंक में 20 फीसदी कमीशन पर कार्य हो रहा है जिसकी जांच जरूरी है।